Noida: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर हुआ भीषण सड़क हादसा, पलभर में चली गई तीन की जान
यह भीषण हादसा दादरी कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर अंडरपास के पास हुआ। आगे जा रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दिए।

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस—वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक पति—पत्नी समेत तीन की मौत हो गई। जबकि एक सात साल की बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गई। घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भीषण हादसा दादरी कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर अंडरपास के पास हुआ। आगे जा रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दिए। तभी पीछे से आ रही एक कार उसमें जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाराणसी निवासी विवेक (32) उनकी पत्नी ममता, बेटी परी और दोस्त हरिराम घायल हो गए। वह कार में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कार को काटकर बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए दादरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने विवेक, ममता और हरिराम को मृत घोषित कर दिया।
विवेक हरियाणा के भिवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।बताया गया है कि गाजीपुर में विवेक की मौसी रहती है। मौसी के बेटी की शादी में शामिल होने के लिए वह चारों बनारस जा रहे थे। राजस्थान के नागौर निवासी हरिराम भी कार चला रहा था।
एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार को टक्कर मारी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।



