Noida: ग्रेनो वेस्ट में होगी Delhi-NCR की सबसे भव्य रामलीला, अयोध्या से आएगी रामलला की मूर्ति, कथक डांसर है सीता
रामलला की छह फीट ऊंची मूर्ति अयोध्या के हनुमान गढी से आएगी। जोकि पैदल यात्रा कर विभिन्न शहरों से होते हुई ग्रेनो वेस्ट पहुंचेगी।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इकोटेक—12 में प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट की तरफ से 10 से 24 अक्तूबर तक भव्य रामलीला का आयोजन होगा। इस दौरान श्रीराम भक्त उनके बाल स्वरूप का ग्रेनो वेस्ट में दर्शन कर सकेंगे। साथ ही रामलीला के दौरान ईकोटेक—12 में अयोध्या की तर्ज पर श्रीराम मंदिर के मॉडल का निर्माण किया जाएगा। मंदिर में श्रीराम की छह फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जाएगी। मूर्ति का निर्माण कलकत्ता से आए मूर्तिकार करेंगे।
प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक यादव और महासचिव देव मिश्रा ने बताया कि श्रीराम की शाश्वत कथा को आधुनिक मंचन, तकनीक और सामुदायिक सहभागिता के साथ जोड़ने का मंच है। इस दौरान मुंबई और साउथ इंडिया के कलाकार अपनी किरादार निभाएंगे।करीब 50 बीघा जमीन में होने वाली रामलीला के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 23 अगस्त को भूमि पूजन होगा। रामलीला महोत्सव में आकर्षण का केंद्र 60 बाय 60 फीट का भव्य राम मंदिर स्थापित होगा।
रामलला की छह फीट ऊंची मूर्ति अयोध्या के हनुमान गढी से आएगी। जोकि पैदल यात्रा कर विभिन्न शहरों से होते हुई ग्रेनो वेस्ट पहुंचेगी। दशहरे वाले दिन 80 फीट के रावण और 75 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा। श्रीराम की मूृर्ति को एक अक्तूबर को बैंड-बाजे के साथ पैदल अयोध्या से ग्रेटर नोएडा वेस्ट लाया जाएगा। विधि-विधान से मूर्ति को मंदिर में स्थापित की जाएगी। यह दिल्ली-एनसीआर की सबसे बड़ी रामलीला होगी। मंचन के दौरान करीब चार हजार वर्ग फीट की एलईडी लाइटिंग भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। रामलीला के शुभारंभ पर करीब एक हजार कन्याओं का कन्या पूजन कराया जाएगा।
मीडिया प्रभारी हर्षिता सिंह का कहना है कि 13 अक्तूबर को सवा से डेढ़ किलोमीटर लंबी राम बारात बैंड-बाजे के साथ निकाली जाएगी। सुरक्षा के लिए करीब 100 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ पुलिस, फायर और यातायात विभाग का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा 23 अक्तूबर को बाबा खाटू श्याम का कीर्तन होगा। सीता का किराए तान्य अरोड़ा निभाएंगी, जोकि एक कथक डांसर और मॉडल है। वह फिलहाल में गाजियाबाद में गारमेंट्स का कारोबार भी करती है।




