Noida: सेक्टर के बीच से नहीं गुजरेगी नोएडा मेट्रो, एनएमआरसी ने अलाइनमेंट में किया बदलाव
Noida: सेक्टर के बीच से नहीं गुजरेगी नोएडा मेट्रो, एनएमआरसी ने अलाइनमेंट में किया बदलाव

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(एनएमआरसी) ने बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक प्रस्तावित एक्वा लाइन के अलाइनमेंट में बदलाव किया है। इसके तहत मेट्रो लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन से शुरू होकर सेक्टर-44 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के गेट नंबर-4 के सामने ग्रीन बेल्ट तक पहुंचेगी। यहां इस लाइन का पहला मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। उसके बाद दाईं ओर मुड़कर सेक्टर-44 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस—वे की 45 मीटर सड़क को पार करते हुए ग्रीन बेल्ट के रास्ते सेक्टर-142 तक जाएगी।
सेक्टर-44 के निवासियों की आपत्ति के बाद एनएमआरसी ने अलाइमेंट में बदलाव करने का यह निर्णय लिया है। पहले मेट्रो लाइन सेक्टर के अंदर से गुजरने वाली थी, लेकिन अब इसे सेक्टर-44 के बाहर से निकाला जाएगा। इससे परियोजना की लंबाई एक किलोमीटर बढ़ गई है। जिससे उसकी लागत में भी इजाफा होगा, जोकि करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। एनएमआरसी के मुताबिक, इस परियोजना को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से करीब दो लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों से और बेहतर होगी।
नई लिंक लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन से जुड़ेगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर इंटरचेंज सुविधा मिलेगी। अलाइनमेंट बदलने के बाद परियोजना की लंबाई 11.56 किलोमीटर से बढ़कर 12.56 किलोमीटर हो गई है। साथ ही इसके निर्माण में अब 2354.35 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
इस मेट्रो कॉरिडोर पर बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96 (नोएडा प्रशासनिक भवन), सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93, पंचशील बालक इंटर कॉलेज और सेक्टर-142 स्टेशन होंगे। सेक्टर-142 पहले से तैयार है। वहीं डिपो से बोड़ाकी तक विस्तार में जूनापत और बोड़ाकी नाम के दो नए स्टेशन भी बनाए जाएंगे।




