Noida: सीआईआई समिट में छाया यूपी, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर एवं महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजनों की गई सराहना
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में भारत की आर्थिक प्रगति में अभूतपूर्व योगदान दिया है।

नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई एनुअल बिजनेस समिट-2026 में उद्योग जगत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों की जमकर सराहना की। देशभर से आए उद्योगपतियों, निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में भारत की आर्थिक प्रगति में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हुआ है तथा निवेश और व्यापार को नई गति मिली है। बनर्जी ने कहा कि विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल गवर्नेंस, नगरीय विकास और युवाओं के सशक्तीकरण ने उत्तर प्रदेश को नई दिशा दी है।
सीआईआई अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में “फिनोमिनल ट्रांसफॉर्मेशन” देखने को मिला है और उद्योग जगत अब यूपी को पूरी तरह अलग नजरिए से देख रहा है। मेमानी ने सीएम से कहा कि अब देश और विदेश के उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। कार्यक्रम में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं का विशेष उल्लेख किया गया। मेमानी ने कहा कि इन परियोजनाओं ने उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और औद्योगिक संभावनाओं को पूरी तरह बदल दिया है।
उन्होंने कहा कि जब लोग उत्तर प्रदेश से होकर यात्रा करते हैं तो उनकी यूपी को लेकर सोच पूरी तरह बदल जाती है। समिट में अयोध्या, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकुंभ जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि महाकुंभ का सफल आयोजन उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता और बड़े आयोजनों के कुशल प्रबंधन का उदाहरण है।



