Noida: ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या, बच्चे के लिए दूध खरीदने वाला और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज
रॉयल सिटी कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय जीवन किशोर यादव अपने पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की से खड़े होकर बात कर रहे थे।

बादलपुर कोतवाली क्षेत्र की अच्छेजा गांव स्थित रॉयल सिटी में गुरुवार रात एक ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रॉयल सिटी कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय जीवन किशोर यादव अपने पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की से खड़े होकर बात कर रहे थे। उसके बाद तीनों कही चले गए। घर से कुछ ही दूरी पर देर रात उनका शव मिला। जिस जगह शव मिला है, खाली पड़ा हुआ प्लॉट और उसमें झाड़ियां उगी हुई थी। इस हत्याकांड का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ़ देखा जा सकता है कि दो लोग मृतक जीवन किशोर को उनके घर से अपने साथ बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके कुछ ही देर बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। एडीसीपी ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद और कहासुनी का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं, जो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक मूलरुप से कायमगंज, फर्रुखाबाद का रहने वाला था। वह वर्तमान में रॉयल सिटी में रहते थे और ट्रांसपोर्टर का काम करते थे। घटना के पीछे किसी पुराने विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है। दस दिन पहले उन्होंने अपनी बेटी की सगाई की थी। जिसके बाद वह शादी की तैयारियों में लगे हुए थे।




