Noida: जेवर क्षेत्र में जापान समेत दो कंपनी करेंगी तीन हजार करोड़ा का निवेश, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक पार्क और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का एक मजबूत नेटवर्क विकसित किया गया है

उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से दिल्ली के ताज होटल में यूपी-जापान निवेश सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान जापान से आए 200 से अधिक सीईओ, प्रबंध निदेशक, कंट्री हेड्स एवं वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच आर्थिक, औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग को और अधिक मजबूत है।
योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक पार्क और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का एक मजबूत नेटवर्क विकसित किया गया है, जिसने राज्य को निवेश के लिए आदर्श गंतव्य बना दिया है। उन्होंने जापानी निवेशकों को उत्तर प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने यमुना प्राधिकरण(YEIDA) के सेक्टर-5ए में लगभग 500 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली जापानी सिटी की घोषणा की। यह परियोजना जापानी उद्योगों, व्यवसायों और नागरिकों के लिए एक समर्पित औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आवासीय पारिस्थितिकी तंत्र उपलब्ध कराएगी।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड की विनिर्माण इकाई का वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया गया। कंपनी को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। परियोजना में लगभग जापान की कंपनी 2,029 करोड़ का निवेश करेगी। इसमें लगभग 4,000 रोजगार अवसरों का सृजन होगा। परियोजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष लगभग 60,000 ट्रैक्टरों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ट्रैक्टरों एवं कृषि मशीनरी से संबंधित विभिन्न कलपुर्जों और घटकों का भी उत्पादन किया जाएगा।
स्पार्क मिंडा समूह की परियोजनाओं का भी वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह सम्पन्न हुआ। कंपनी को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-10 एवं सेक्टर-24 में भूमि आवंटित की गई है। लगभग 1,166 करोड़ के निवेश वाली यह परियोजना करीब 6,440 रोजगार अवसरों का सृजन करेगी। परियोजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष लगभग 20 लाख यूनिट इलेक्ट्रॉनिक स्विच, सेंसर, यूएसबी चार्जर तथा अन्य ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना प्रदेश के ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर एवं उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में जापानी निवेश को विशेष रूप से प्रोत्साहित कर रही है। यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 ने भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश की निवेश-अनुकूल छवि को और अधिक सुदृढ़ किया तथा राज्य को वैश्विक विनिर्माण एवं औद्योगिक निवेश के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, यूपी के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने विचार व्यक्त किए।




