×
Uncategorized

Noida: ग्रेनो वेस्ट में रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस के छलक रहे थे जाम, काउंटर और अलमारी से निकली ड्यूवार्स जैसी महंगी शराब की बोतलें

जिला आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 अभिनव शाही के मुताबिक, एक नवंबर की रात करीब 12:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रेडिकन वेदान्तम कमर्शियल, जीएच-01बी, सेक्टर-16सी स्थित द रयल स्पाइसेस रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब और बीयर परोसी जा रही है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16सी स्थित एक रेस्टोरेंट में बिना आबकारी लाइसेंस के ग्राहकों को शराब और बीयर परोसने का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने रविवार देर रात छापेमारी कर रेस्टोरेंट के मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 48 कैन बीयर और विदेशी शराब की 26 बोतलें बरामद की गई हैं। आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक बिना लाइसेंस शराब बेचकर मुनाफा कमा रहे थे।

जिला आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 अभिनव शाही के मुताबिक, एक नवंबर की रात करीब 12:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रेडिकन वेदान्तम कमर्शियल, जीएच-01बी, सेक्टर-16सी स्थित द रयल स्पाइसेस रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब और बीयर परोसी जा रही है। सूचना पर आबकारी टीम ने रात करीब एक बजे रेस्टोरेंट में छापा मारा। उस समय रेस्टोरेंट खुला हुआ था और कुछ मेजों पर ग्राहक शराब और बीयर पी रहे थे। टीम को देखकर ग्राहक वहां से चले गए।

पूछताछ में रिसेप्शन पर मौजूद मैनेजर तेजस्वा कावरा ने बताया कि वह ग्राहकों का बिल बनाने और शराब परोसने का काम देखता है। वहीं, मौके पर मिले महेश कुमार और सोनू गांधी ने खुद को रेस्टोरेंट का मालिक और संचालक बताया। आबकारी टीम ने उनसे शराब परोसने के लिए वैध बार लाइसेंस या अन्य अनुमति मांगी, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। आरोप है कि दोनों संचालकों के कहने पर ही रेस्टोरेंट में ग्राहकों को शराब बेची और परोसी जा रही थी।

इसके बाद आबकारी और बिसरख पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट की तलाशी ली। बार काउंटर और उसके नीचे बनी अलमारी से अलग-अलग ब्रांड की बीयर और विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें बडवाइजर मैग्नम के 12, टुबोर्ग के 12 और कार्ल्सबर्ग के 24 कैन शामिल हैं। इसके अलावा सिमरनऑफ, ब्लैक डॉग, 100 पाइपर्स, ड्यूवार्स, जिम बीम, बकार्डी, रॉकफोर्ड और टीचर्स ब्रांड की शराब की बोतलें मिलीं। कुल 24 लीटर बीयर और 5.265 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

रेस्टोरेंट के रिसेप्शन से विजिटिंग कार्ड भी मिला, जिस पर ‘Dine, Drink, Celebrate’ लिखा हुआ था। इसके अलावा किचन के पीछे एक प्लास्टिक के थैले में शराब और बीयर की खाली बोतलें व कैन मिले। आबकारी विभाग ने इन्हें भी साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया। आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की शिकायत पर तेजस्वा कावरा, महेश कुमार और सोनू गांधी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close