Noida: ग्रेनो वेस्ट में बदमाश को मार गिराने वाले STF के दो कर्मियों को गैलेंट्री मेडल से किया गया सम्मानित, नोएडा में शहीदों को दी श्रद्धांजलि
पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीदों के जीवन, उनके सैन्य योगदान और देश की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को अहम बताया।

विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-29 स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रशासक जिला पंचायत अमित कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी एवं पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीदों के जीवन, उनके सैन्य योगदान और देश की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को अहम बताया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी, सुरक्षा एवं अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके जीवन से आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराने वाले एसटीएफ नोएडा यूनिट की टीम के दो पुलिसकर्मियों को गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूची में एसटीएफ के उपनिरीक्षक अक्षय परवीर कुमार त्यागी और हेड कांस्टेबल सुनील कुमार का नाम शामिल है। दोनों पुलिसकर्मियों को दूसरी बार गैलेंट्री मेडल प्रदान किया गया है। बता दें कि यह सम्मान एक जनवरी 2023 को मुठभेड़ में दिखाई गई बहादुरी के लिए दिया गया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में 34 मुकदमों में फरार चल रहा एक लाख का इनामी कपिल पुत्र कृपाल सिंह को मार गिराया गया था। कपिल बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के बरसी गांव का रहने वाला था।




