Noida: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में उतरा वैश्य समाज, बैठक से किया बड़ा ऐलान
बैठक में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने 25 अक्तूबर के कार्यक्रम को लेकर चर्चा की।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में 25 अक्तूबर को दिल्ली में मार्च निकाले की तैयारियां की जा रही है। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में देशभर से आए वैश्य, अग्रवाल और व्यापारी समाज के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में वैश्य नेता जय भगवान गोयल, नंद किशोर अग्रवाल और उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन व अन्य मौजूद रहे।
बैठक में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने 25 अक्तूबर के कार्यक्रम को लेकर चर्चा की। आयोजकों ने कहा कि महारैली के माध्यम से ज्ञानेश कुमार के समर्थन में अपनी बात रखी जाएगी। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि एक और एक ग्यारह नहीं, बल्कि एक सौ ग्यारह होते हैं। सभी मतभेद भुलाकर एक उद्देश्य के लिए एकजुट हों, तो उनकी सामूहिक आवाज मजबूत होती है। उन्होंने वैश्य, अग्रवाल और व्यापारी समाज के लोगों से 25 अक्तूबर को दिल्ली पहुंचकर अपनी भागीदारी दर्ज कराने की अपील की।
व्यापारी देश की आर्थिक शक्ति
जय भगवान गोयल ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। व्यापारी कारोबार के साथ रोजगार सृजन और सामाजिक सेवा में भी योगदान देते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज की आवाज प्रभावी ढंग से सामने रखी जा सकती है।
विभिन्न राज्यों में जनसंपर्क की तैयारी
नंद किशोर अग्रवाल ने सामाजिक और व्यापारी संगठनों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में तय किया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम में भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न राज्यों में समाज के लोगों से संपर्क किया जाएगा। आयोजकों ने युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों के पदाधिकारियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।


