Noida: हिंसा और मारपीट से छात्र का GBU से टूटा भरोसा, अब नहीं करना चाहता बीटेक, कटवाया नाम
पिता सीबीएस पांडेय ने बताया कि बेटा ध्रुव सीएस से बीटेक कर रहा है। बेटे के साथ जब मारपीट हुई तो वह बैडमिंटन खेलने के लिए गया था।

जीबीयू में हुई बीटेक के छात्र के साथ मारपीट और हिंसक घटना के बाद अब वह विवि में नहीं पढ़ना चाहता हैं। घटना के बाद से पूरा परिवार परेशान है। छात्र उत्तराखंड का रहने वाला है। बीटेक की पढ़ाई के लिए जीबीयू में दाखिला लिया था। सुरक्षा के बेहतर इंतजाम न होने का आरोप लगाते हुए छात्र ने बताया कि उसके साथ 6 से 7 युवकों ने मारपीट की है।
छात्र ध्रुव पांडेय के साथ 23 फरवरी को मारपीट की गई थी। पिता सीबीएस पांडेय ने बताया कि उनका बेटा ध्रुव सीएस से बीटेक कर रहा है। बैडमिंटन खेलने के दौरान मारपीट और उसके बाद हॉस्टल में उसके कमरे में आग भी लगा दी गई। पिता का आरोप है कि उस समय ध्रुव कमरे में नहीं था। अगर होता तो वह जिंदा भी नहीं होता। चीफ वार्डन से लेकर कुलपति तक से शिकायत की लेकिन उसके बाद भी दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। 1500 रुपये का फाइन लगाकर केवल छोड़ दिया गया। इसके साथ ही बेटे पर भी 500 रुपये का फाइन लगा दिया गया।
आरोप है कि कुलपति प्रो राणा प्रताप सिंह ने कहा कि बेटे को अराजक तत्व से दूर रखो। उन्होंने बताया कि अब उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उम्मीद है कि वह बेटे को न्याय दिलाएंगे।


