Noida: सेक्टर-105 के श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में संपन्न हुआ कृष्णोत्सव, भजनों और कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत के साथ हुआ। स्थानीय कलाकारों एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, रासलीला और सनातन संस्कृति पर आधारित एक से बढ़कर एक डांस व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-105 स्थित श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर परिसर में आरडब्ल्यूए की तरफ से भव्य ‘कृष्णोत्सव’ का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भजनों से पूरा परिसर प्रभु श्रीकृष्ण के रंग में सरोबार नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत के साथ हुआ। स्थानीय कलाकारों एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, रासलीला और सनातन संस्कृति पर आधारित एक से बढ़कर एक डांस व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। बच्चों की अलौकिक प्रतिभा और कलाकारों के जीवंत अभिनय ने मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव डॉ. राजेंद्र कुमार तिवारी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने आरडब्ल्यूए की तरफ से भारतीय अध्यात्म, सनातन मूल्यों और सांस्कृतिक धरोहर को समाज व भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के इस कदम की प्रशंसा की। आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से यही प्रार्थना है कि वह राष्ट्र और प्रत्येक नागरिक पर अपनी असीम अनुकंपा बनाए रखें, हमारा प्रत्येक परिवार समृद्ध हो तथा सभी नागरिक उत्तम स्वास्थ्य और शांति प्राप्त करें।
इस मौके पर आरडब्ल्यूए के महासचिव राजीव दुबलिश, उपाध्यक्ष रानी गौतम, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल, संयुक्त सचिव अनिल भदौरिया, कार्यकारिणी सदस्य उमेश माथुर, महेश चौहान और नवीन पालीवाल मौजूद रहे।
‘कृष्णोत्सव’ का सबसे अलौकिक आकर्षण मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का भव्य अभिषेक रहा। वेदपाठी ब्राह्मणों के सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार, ‘हरे कृष्णा’ महामंत्र के अखंड संकीर्तन और झांज-मजीरों की गूंज के बीच प्रभु का दिव्य अभिषेक संपन्न हुआ।


