Noida: मासूम की हत्या कर शव को बोरे में डालकर खेत में फेंकने वाले ‘दरिंदे’ पुलिस मुठभेड़ में ढेर, कांस्टेबल घायल
मासूम बच्ची की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपी बलराज को गिरफ्तार किया था।

इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस हिरासत में मौजूद मुख्य आरोपी बलराज को जब हत्या में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी के लिए ले जाया गया, तो उसने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में एक हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल आरोपी बलराज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
मासूम बच्ची की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपी बलराज को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल चाकू डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाया है। पुलिस टीम आरोपी को निशानदेही पर चाकू बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी। झाड़ियों से चाकू बरामद कराने के तुरंत बाद आरोपी बलराज ने वहां पहले से छिपाकर रखी .32 बोर की पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में थाना इकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी बलराज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुख्य आरक्षी और आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बलराज को मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, 3 खोखा कारतूस और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीसीपी, सेंट्रल नोएडा ने बताया कि पुलिस द्वारा दो घायलों को अस्पताल लाया गया था। जिसमें एक पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल रवि कुमार हैं, जिनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है। वहीं दूसरे घायल आरोपी बलराज को गंभीर हालत में लाया गया था, जिसे परीक्षण और उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और एनकाउंटर के बाद अब मामले से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं और आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। घायल हेड कांस्टेबल का अस्पताल में उपचार जारी है।



