Noida: एक अक्तूबर को रामलला को लेने अयोध्या जाएंगे सैकड़ों भक्त, भव्य होगी ग्रेनो वेस्ट की रामलीला
आयोजन का सबसे प्रमुख आकर्षण अयोध्या से श्री रामलला की मूर्ति लाना होगा। समिति के मुताबिक एक अक्टूबर को सैकड़ों रामभक्त बसों और निजी वाहनों से अयोध्या रवाना होंगे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस बार भव्य रामलीला की तैयारी की जा रही है। रविवार को आयोजित सदस्यों की बैठक में आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में 70 से अधिक सोसायटियों के सदस्य शामिल हुए। समिति ने तय किया है कि 26 सितंबर से रामलीला मैदान में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू कराया जाएगा। बैठक में मंदिर के प्रस्तावित मॉडल को सदस्यों के सामने रखा गया। आयोजन समिति के अनुसार रामलीला मैदान में मंच, दर्शक व्यवस्था समेत अन्य तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।\
आयोजन का सबसे प्रमुख आकर्षण अयोध्या से श्री रामलला की मूर्ति लाना होगा। समिति के मुताबिक एक अक्टूबर को सैकड़ों रामभक्त बसों और निजी वाहनों से अयोध्या रवाना होंगे। वहां पूजा-अर्चना के बाद श्री रामलला की मूर्ति को विशेष हनुमान गढ़ी में विराजमान कर ग्रेटर नोएडा वेस्ट आएंगे। विभिन्न शहरों से होते हुए यात्रा करीब सात से आठ दिन में यहां पहुंचेगी। रामलला के आगमन पर भव्य स्वागत के बाद मूर्ति को रामलीला मैदान में बनाए जा रहे मंदिर में स्थापित करने की तैयारी है।
हर सोसायटी तक पहुंचेगा निमंत्रण
बैठक में आजीवन सदस्यों को निमंत्रण पत्र वितरित किए गए। सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों और सोसायटियों में जाकर लोगों को आयोजन से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक यादव ने कहा कि सैकड़ों कार्यकर्ता दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। यह पूरे क्षेत्र के रामभक्तों का सामूहिक आयोजन है।
10 से 24 अक्टूबर तक रामलीला
भव्य रामलीला महोत्सव 2026 का आयोजन 10 से 24 अक्टूबर तक इकोटेक-12 कमर्शियल बेल्ट स्थित रामलीला मैदान में होगा। कार्यक्रम शाम छह बजे से शुरू होगा। समिति के अनुसार रामलीला के जरिए बच्चों और युवाओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।



