×
Uncategorized

Noida: स्विस राष्ट्रपति ने किया नोएडा एयरपोर्ट का निरीक्षण, स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा

एयरपोर्ट पहुंचने पर राष्ट्रपति का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद अवनी बोर्ड रूम में राष्ट्रपति और प्रतिनिधिमंडल को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया गया।

स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन मंगलवार को करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति की पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे।

एयरपोर्ट पहुंचने पर राष्ट्रपति का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद अवनी बोर्ड रूम में राष्ट्रपति और प्रतिनिधिमंडल को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया गया। राष्ट्रपति ने इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया। राष्ट्रपति, उनकी पत्नी और प्रतिनिधिमंडल में शामिल चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट, एप्रन और बैगेज रिक्लेम समेत एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।

एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत की धुनों के बीच प्रतिनिधिमंडल का समूह छायाचित्र भी लिया गया। निर्धारित कार्यक्रम पूरा होने के बाद प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब दो बजे एयरपोर्ट से रवाना हुआ।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है, जो स्विट्जरलैंड की ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। राष्ट्रपति के दौरे को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एयरपोर्ट के संचालन से एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन, सीओओ किरण जैन समेत प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close