Noida: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गृह मंत्री अमित शाह बोले-यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने उड़ाई पाकिस्तान की नींद
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह में कहा कि 25 सितम्बर का दिन मणिकांचन योग लेकर आया है।

नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरूआत हो गई है। गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री के उद्घाटन के बाद तीन बजे से आम लोगों के लिए भी ट्रेड शो खोल दिया गया है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में स्कूली और कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों की ट्रेड शो में भीड़ नजर आई। इसके अलावा दिल्ली से भी बड़ी संख्या में लोग एक्सपो पहुंचे है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह में कहा कि 25 सितम्बर का दिन मणिकांचन योग लेकर आया है। आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती है। साथ ही आज से 12 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेक इन इंडिया की शुरूआत की थी। जिसका उद्देश्य भारत को मैन्युफैक्चरिंग और नवाचार का केंद्र बनाना था। आज उसी सोच को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है।
उन्होंने निवेशकों से 2013 में दिल्ली में आयोजित एक निवेश कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ के बजाय वह दिल्ली में आयोजित करनी पड़ी थी। उस समय यूपी के अधिकारियों ने कहा था कि लखनऊ में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी पर जो लोग सवाल उठाते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ बताते हैं। भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल की है और दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में बना हुआ है।
गृहमंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफिया राज की चर्चा होती थी, लेकिन अब यहां निवेश का माहौल बना है। वाहन चोरी के लिए बदनाम जगहों पर अब वाहन मैन्युफैक्चरिंग हो रही है और चेन स्नैचिंग की जगह इंडस्ट्री लग रही है। उत्तर प्रदेश में रक्षा निवेश बढ़ रहा है। यूपी में बन रहा ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान तो अमेठी में बनने वाली AK-203 राइफल ने नक्सलियों एवं आतंकवादियों में दहशत फैलाई हुई है।



