एक्सीडेंट या साजिश? पटना में ICICI ब्रांच मैनेजर की मौत ने खड़े किए कई सवाल

नोएडा: बिहार की राजधानी पटना में ICICI लोम्बार्ड के ब्रांच मैनेजर अभिषेक वरुण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव बेऊर थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं से बरामद किया गया, वहीं से उनकी स्कूटी और चप्पल भी मिलीं।
यह घटना मंगलवार रात सामने आई जब उनकी तलाश के दौरान पुलिस ने शव को बरामद किया और परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उसी रात उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पार्टी के बाद हुए लापता
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक रविवार रात रामकृष्ण नगर इलाके में एक पारिवारिक पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के बाद उन्होंने अपने परिवार को पहले घर भेज दिया और खुद यह कहकर रुके कि वह बाद में आएंगे। इसके बाद से वह लापता हो गए और दो दिन बाद उनका शव कुएं में मिला।
एक्सीडेंट की आशंका, लेकिन सवाल बाकी
पुलिस की शुरुआती जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है। अभिषेक ने अपनी पत्नी को रात करीब 3 बजे फोन कर एक्सीडेंट की जानकारी दी थी, लेकिन किसी खतरे या पीछा किए जाने की बात नहीं कही।
सीसीटीवी फुटेज में अभिषेक स्कूटी चलाते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें वह लड़खड़ाते हुए दिखते हैं। फुटेज रात करीब 11 बजे का है, जिससे पुलिस को आशंका है कि वह नशे में थे।
कोई साजिश या सिर्फ हादसा?
पुलिस ने बताया कि वीडियो में अभिषेक किसी से डरे हुए नहीं दिखते और ना ही आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है। इससे माना जा रहा है कि वह अपनी मर्जी से वहां गए और उसी दौरान हादसा हुआ।
हालांकि, पुलिस इसे महज हादसा मानने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जो उसी पार्टी में शामिल थे जहां अभिषेक गए थे।
जांच जारी
अभिषेक के लापता होने के बाद परिजनों ने कंकड़बाग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद उनकी खोज शुरू हुई और आखिरकार शव बरामद हुआ।
अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।




