Greater Noida: गैस की किल्लत के बीच डीएम ने की हाईलेवल मीटिंग, बुकिंग के नियम में किया गया बदलाव, जानिए कैसे ले सकेंगे घरेलू सिलेंडर
बैठक में गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप संचालकों के अलावा एडीएम अतुल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम व अन्य मौजूद रहे। बैठक में कालाबाजारी रोकने के लिए गैस एजेंसी और पेट्रोल—डीजल पंप संचालकों को सीसीटीवी कैमरे, रिकार्ड मेंटेन और बार-बार सिलेंडर लेने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए है।

अमेरिका—इजरायल और ईरान युद्ध के बीच रसोई गैस सिलेंडर को लेकर मची मारामारी के बीच बुधवार को जिलाधिकारी मेधा रुपम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल(एलपीजी) के अधिकारियों के साथ बैठक कर सिलेंडर के नियमों में बदलाव करने की घोषणा की है।
बैठक में गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप संचालकों के अलावा एडीएम अतुल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम व अन्य मौजूद रहे। बैठक में कालाबाजारी रोकने के लिए गैस एजेंसी और पेट्रोल—डीजल पंप संचालकों को सीसीटीवी कैमरे, रिकार्ड मेंटेन और बार—बार सिलेंडर लेने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने स्टाक करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
बदला नियम, मोबाइल व ऐप के जरिए करें बुकिंग
जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि एलपीजी उपभोक्ता एलपीजी कंपनी के मोबाइल नंबर और ऐप के जरिए ऑनलाइन बुकिंग करें। गैस की बुकिंग और डिलीवरी के नियम में बदलाव करते हुए अब 25 दिन बाद ही उपभोक्ता दूसरा सिलेंडर ले सकेंगे। अभी तक 15 दिन बाद यह डिलीवरी मिल जाती थी। यह फैसला पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की तरफ से जारी निर्देश के बाद लिया गया है। एक सिलेंडर के कनेक्शन वाले ग्राहक को 25 और दो कनेक्शन के सिलेंडर वाले उपभोक्ता को 30 दिन में सिलेंडर मिलेगा। यानी अंतिम लिए गए सिलेंडर और आगामी के बीच करीब 25 दिनों का गैप होना बेहद जरूरी है।
गैस की किल्लत का मचा शोर!
पिछले दो दिनों से घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ गई है। गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ लोगों की सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी पर स्टाक खत्म होने की जानकारी संचालक दे रहे है। जिसकी वजह से उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। प्रशासन ने इसे अफवाह बताया है। उपभोक्ता की माने तो गैस एजेंसी पर गए तो वहां स्टाक खत्म होने की बात कही गई। कुछ एजेंसी पर पिछले चार दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे है। लोग खाली सिलेंडर लेकर ही वापस लौट रहे है।



