ग्रेटर नोएडा में हवन के साथ ‘उमंग 2083’ का शुभारंभ, बारिश के कारण कार्यक्रम स्थगित

ग्रेटर नोएडा – भारतीय पर्व आयोजन समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उमंग 2083’ का शुभारंभ गुरुवार को सिटी पार्क, ग्रेटर नोएडा में विधि-विधान से हवन के साथ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समिति के अध्यक्ष प्रणीत भाटी ने बताया कि भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और आकर्षक रंगोलियां बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इससे पहले गुरुकुल के बटुकों द्वारा हवन संपन्न कराया गया।
रंगोली प्रतियोगिता के बाद जैसे ही ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ एकल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने कार्यक्रम को तत्काल स्थगित करने का निर्णय लिया।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अगले दिन का कार्यक्रम अब श्री महाराजा अग्रसेन भवन, स्वर्ण नगरी में आयोजित किया जाएगा। साथ ही, आज के स्थगित कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी कल ही कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में सौरभ बंसल, विवेक कुमार, आरती शर्मा, दुर्गेश्वरी सिंह, बीना अरोरा, गुड्डी तोमर, ज्योति सिंह, कंचन कुमारी, संदीप गोयल, मुकुल गोयल, रवि जिंदल, विवेक अरोरा, अंजलि बंसल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



