बंगाल दौरे के बाद धमकी! जयंत चौधरी को फोन और व्हाट्सऐप से जान से मारने की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

दिल्ली- केंद्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। यह धमकी उनके निजी सहायक विश्वेंद्र शाह को फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के माध्यम से दी गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी “इस्माइल” के रूप में बताई। आरोपी ने बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए केंद्रीय मंत्री को जान से मारने की सीधी धमकी दी।
मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस के तुगलक रोड थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल और मैसेज की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जयंत चौधरी पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए थे, जिसके कुछ समय बाद यह धमकी भरा कॉल आया। इस कड़ी को भी जांच में शामिल किया गया है ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस से भी समन्वय किया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। शुरुआती जांच के बाद ही पूरे मामले की असली तस्वीर सामने आ सकेगी।




