केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी बोले-स्किल इंडिया मिशन बना जन आंदोलन, कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने भी दिया बड़ा संदेश
छोटे-छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर युवा आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो विकसित भारत 2047 की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित इंडिया स्किल्स कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल विकास और उद्यमशीलता जयंत चौधरी शामिल हुए। इसके अलावा राजस्थान सरकार के कैबिनेंट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी शामिल रहे। हुनरमंदों मे लिए यह एक राष्ट्रीय मंच बनकर उभरा है। साथ ही युवाओं को निरंतर सीखने का संदेश भी मिला है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल विकास और उद्यमशीलता जयंत चौधरी ने कहा कि स्किल इंडिया मिशन केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है, जिसमें सरकार, उद्योग और समाज की समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र सतत प्रयास है। उधर, राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि हुनर ही व्यक्ति की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भाग लेने वाले प्रतिभागी देश का गौरव बढ़ाएंगे और भारत की प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेंगे। जबकि प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कौशल आज के समय की सबसे बड़ी शक्ति है, जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और उन्हें वैश्विक अवसरों से जोड़ती है।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर युवा आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो विकसित भारत 2047 की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार पिल्लई ने कहा कि इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में प्रयागराज के नितिन कुमार और आगरा के सूर्यांश गुप्ता रिन्यूबल एनर्जी इवेंट में स्वर्ण पदक मिला। मुरादाबाद के सात्विक गोयल और गाजियाबाद के जुनैद को रजत पदक मिला। वहीं फर्रुखाबाद के गंभीर सिंह, लखनऊ की लावण्या शुक्ला और कानपुर की शीतल वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किए।

