Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉकड्रिल, कई एजेंसियों ने लिया हिस्सा
अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभ्यास में एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को ‘सक्षम 2026’ के तहत पूर्णस्तरीय अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें एयरलाइंस, पुलिस, सुरक्षा बल, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य सेवाओं, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का आकलन करना था।
अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभ्यास में एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इसके तहत आपातकालीन अलर्ट जारी करने, अग्निशमन एवं बचाव कार्यों और प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय करने की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। साथ ही, घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए यातायात प्रबंधन और ग्रीन कॉरिडोर बनाने की व्यवस्था का भी आकलन किया गया।
अभ्यास में इंडिगो, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), उत्तर प्रदेश पुलिस, एयरपोर्ट चिकित्सा सेवा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और संबद्ध अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच संचार व्यवस्था, सूचनाओं के आदान-प्रदान और आपातकालीन प्रतिक्रिया में लगने वाले समय की समीक्षा की गई। इससे बचाव कार्यों में आने वाली संभावित चुनौतियों की पहचान करने और मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार के अवसर तलाशने में मदद मिली।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नीतू समरा ने कहा कि सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियां एयरपोर्ट संचालन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। ऐसे अभ्यास से तैयारियों को परखने, प्रक्रियाओं में सुधार करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय मजबूत करने में मदद मिलती है।




