नोएडा में फिर जलभराव पर कोनरवा ने प्राधिकरण को घेरा, कहा—पहले ही किया था आगाह, अब चाहिए स्थायी समाधान

नोएडा – कोनरवा (CONRWA) नोएडा चैप्टर ने नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर शहर में दोबारा उत्पन्न हुई जलभराव की समस्या पर गंभीर चिंता जताई है। संस्था का कहना है कि उसने 1 जून 2026 को मानसून शुरू होने से पहले ही नालों, नालियों और सीवर लाइनों की समयबद्ध सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
संस्था के अनुसार, लगातार पत्राचार और बैठकों के माध्यम से कई वर्षों से इस समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया जाता रहा है। इसके बावजूद मानसून की शुरुआती बारिश में ही नोएडा के कई सेक्टरों, मुख्य सड़कों और अंडरपासों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोनरवा ने अपने पत्र में कहा है कि हर वर्ष सफाई कार्यों पर बड़े खर्च के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में जलभराव उन दावों की वास्तविक स्थिति उजागर कर देता है। संस्था का आरोप है कि कार्यों में अपेक्षित गुणवत्ता और प्रभावशीलता के बजाय औपचारिकताएं अधिक दिखाई देती हैं।
संस्था ने प्राधिकरण से मांग की है कि नालों, नालियों और सीवर व्यवस्था के रखरखाव की वर्तमान कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की जाए तथा वैज्ञानिक, समयबद्ध और परिणामोन्मुख व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शहर को हर वर्ष जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
कोनरवा ने यह भी अनुरोध किया है कि इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी संस्था को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर पारदर्शिता बनी रहे।



