Noida: यमुना प्राधिकरण का दो जिलों में बुल्डोजर एक्शन, 700 करोड़ की जमीन कराई मुक्त, तोड़े गए घर
यह जमीन यमुना प्राधिकरण की अर्जित व कब्जा प्राप्त है।

यमुना विकास प्राधिकरण की तरफ से शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर और अलीगढ़ में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गौतमबुद्ध नगर के चपरगढ़ गांव में 60 मीटर ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई है। यह जमीन यमुना प्राधिकरण की अर्जित व कब्जा प्राप्त है। जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर अतिक्रमण कर लिया। उसपर रोडी, डस्ट और बदरपुर डालकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थी।
मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 250 करोड़ रुपये है। इस दौरान उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, हरी प्रताप सिंह, शिव अवतार सिंह के साथ प्राधिकरण के प्रोजेक्ट विभाग, भूलेख विभाग और प्रवर्तन दल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी और भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। यमुना क्षेत्र में कब्जा प्राप्त और अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का कब्जा, निर्माण और अवैध कॉलोनी काटना नहीं जा सकती है।
अलीगढ़ में 450 करोड़ की जमीन कराई मुक्त
यमुना प्राधिकरण ने अलीगढ़ स्थित टप्पल, मरोरगढ़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। हरित वाटिका मरोरगढ़ी एवं अन्य कालोनियों की करीब डेढ़ लाख वर्ग मीटर भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। जिसकी कीमत लगभग करीब 450 करोड़ है। इस दौरान कॉलोनी में बनाए गए घरों को भी अतिक्रमण हटाने के लिए तोड़ा गया है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



