ग्रैंडथुम ओनर्स एसोसिएशन का गठन, अवैध मेंटेनेंस व होल्डिंग चार्ज के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
मंगलवार तक मांगें नहीं मानी गईं तो अगले सप्ताह होगा बड़ा प्रदर्शन, प्राधिकरण के अंतिम फैसले तक शुल्क न जमा करने की अपील

ग्रेटर नोएडा वेस्ट – ग्रैंडथुम प्रोजेक्ट के फ्लैट और यूनिट ओनर्स ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ग्रैंडथुम ओनर्स एसोसिएशन का गठन कर दिया है। आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कोर कमेटी और पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। एसोसिएशन ने अधूरी सुविधाओं के बावजूद बिल्डर द्वारा वसूले जा रहे मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज को समाप्त कराना अपना पहला और प्रमुख लक्ष्य बताया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता, महासचिव रजत गुप्ता, उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा और कोषाध्यक्ष हिमांशु गर्ग चुने गए। इसके अलावा हिमांशु सोलंकी, सार्थक अरोड़ा, शिल्पा निमौरे, अजीत झा, रोहित शर्मा, सुमित सोम, संदीप कुमार और अशोक ओझा को कोर कमेटी में शामिल किया गया।
बैठक में पश्चिमी प्रदेश निर्माण मोर्चा के महासचिव कर्नल सुधीर चौधरी, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष बिन्नू भाटी और संगठन महासचिव श्री फौजी ने भी भाग लिया। उन्होंने ओनर्स के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि यदि मंगलवार तक बिल्डर ने कथित अवैध मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज वापस नहीं लिया तो अगले सप्ताह व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) से मुलाकात कर ओनर्स की मांगों को उठाने की बात कही गई।
बैठक में मौजूद ओनर्स ने यह भी निर्णय लिया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतिम निर्णय तक कोई भी ओनर मेंटेनेंस शुल्क या होल्डिंग चार्ज जमा नहीं करेगा। एसोसिएशन ने कहा कि बिल्डर और प्राधिकरण के समक्ष सुरक्षा, पार्किंग, बिजली, पानी, फायर सेफ्टी, कॉमन एरिया, स्वच्छता और अन्य अधूरी सुविधाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई का भी सहारा लिया जाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि एसोसिएशन पूरी पारदर्शिता के साथ प्रत्येक ओनर के अधिकारों की रक्षा करेगी और तब तक संघर्ष जारी रहेगा, जब तक प्रोजेक्ट की सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं। वहीं महासचिव रजत गुप्ता ने कहा कि सभी ओनर्स अब एक मजबूत मंच पर एकजुट हैं और उनके हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी ओनर्स से प्राधिकरण के अंतिम निर्णय तक मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज जमा न करने की अपील की।




