Noida: ग्रेटर नोएडा में भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, बिजली के तारों से चिंगारी उठने पर मची भगदड़
साकीपुर रोड तिलपता में सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। जेसीबी मशीन से नाला खोदने के लिए जैसे ही दुकान के सामने से मिट्टी हटाई गई

ग्रेटर नोएडा के तिलपता साकीपुर रोड पर वीरवार को एक मकान भरभराकर गिर गया। मानसून से ठीक पहले चल रहे नाले के निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही का यह मामला माना जा रहा है। दो मंजिला निर्माणाधीन मकान और दुकान देखते ही देखते पूरी तरह से जमींदोज हो गया। मकान गिरने के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे कैमरे में कैद हो गई है।
साकीपुर रोड तिलपता में सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। जेसीबी मशीन से नाला खोदने के लिए जैसे ही दुकान के सामने से मिट्टी हटाई गई, वैसे ही पूरी इमारत एक झटके में नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि इस दुकान की नींव नाले के बेहद पास या नाले पर ही रखी गई थी, जिसके चलते मिट्टी हटते ही बेस कमजोर हो गया और यह हादसा हो गया। इस हादसे की चपेट में आने से बिजली के पोल और तार भी टूट गए। तारों से चिंगारी उठने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।
एडिशनल डीसीपी का कहना है कि थाना सूरजपुर को सूचना मिलती है कि तिलपता चौकी क्षेत्र के साकीपुर रोड पर एक मकान गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि ओमवीर पुत्र रमेश की एक दुकान का निर्माण पिछले 3-4 महीनों से चल रहा था। इसी के साथ समानांतर रूप से वहां सड़क और नाले का निर्माण भी हो रहा था। नाले के निर्माण के लिए जेसीबी द्वारा मिट्टी हटाने पर ओमवीर की दुकान गिर गई। राहत की बात यह है कि मौके पर कोई जनहानि नहीं हुई है और न ही किसी को चोट आई है। शांति व्यवस्था कायम है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गनीमत रही कि जब यह हादसा हुआ, उस समय मकान के पास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके चलते एक बड़ा प्रशासनिक और मानवीय संकट टल गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मौके पर मौजूद हैं और मलबे को हटाने के साथ-साथ आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



