Noida: तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे 180 पुलिसकर्मी, विधायक ने शहीद चौक पर किया ध्वजारोहण, देशभक्ति का दिखा अलग ही नजारा
तिरंगा यात्रा के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से भ्रमण किया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत दादरी के सैंथली गांव में तिरंगा यात्रा निकाली गई है। इसमें दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिलेे में जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
तिरंगा यात्रा के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से भ्रमण किया। यात्रा के जरिए लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही तिरंगा यात्रा का समापन सैंथली गांव में स्थित शहीद चौक पर हुआ। इस दौरान शहीद चौक पर वीर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धाजलि दी गई। इसके बाद शहीद चौक पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया।
पुलिस ने निकाली तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिसकर्मियों ने तिरंगे के साथ बाइक रैली निकालकर शहरवासियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आयोजित यह रैली ‘हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई। सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन से अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने तिरंगा यात्रा को शुभारंभ किया। बाइक पर सवार होकर पुलिसकर्मी सूरजपुर घंटा चौक, एलजी चौक होते हुए परी चौक पहुंचा।
रैली में अलग-अलग थानों से 90 दोपहिया वाहनों पर 180 पुलिसकर्मी शामिल हुए। इनमें 90 महिला और 90 पुरुष पुलिसकर्मी थे। सभी पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे थे। रास्ते में रैली को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी नजर आई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज का सम्मान बनाए रखने की अपील की। इस दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स आरके गौतम और एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




