Noida: कभी ‘सोने की चिड़िया’ भारत में आजादी के बाद भी हुनरमंदों को नहीं मिली पहचान, 79 उत्पादों को मिला जीआई टैग
योगी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पारंपरिक उद्यमों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के जरिए नई पहचान दी गई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया। योगी ने गृहमंत्री को राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद भी लंबे समय तक देश के हुनरमंदों को कोई मंच नहीं मिल सका। इससे नई पीढ़ी अपने पारंपरिक व्यवसाय और जड़ों से दूर होने लगी। उत्तर प्रदेश में क्षमता की कोई कमी नहीं थी, जरूरत इस क्षमता को पहचानने की थी।
योगी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पारंपरिक उद्यमों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के जरिए नई पहचान दी गई। डबल इंजन सरकार ने स्थानीय उत्पादों और हुनर की क्षमता को पहचाना और उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने का काम किया। योगी ने कहा कि यूपी के 79 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई पारंपरिक उत्पाद अब करोड़ों रुपये के कारोबार का आधार बन चुके हैं। सरकार का प्रयास इन स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़कर उन्हें नई पहचान दिलाना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत कभी दुनिया में ‘सोने की चिड़िया’ के रूप में जाना जाता था। लेकिन देश की शक्तियां विभाजित हुईं तो भारत गुलाम हुआ। उस कालखंड में सिर्फ देश को ही गुलामी नहीं झेलनी पड़ी, बल्कि यहां के हस्तशिल्प, बुनकरों और पारंपरिक हुनर को भी प्रताड़ित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले चार वर्षों से प्रदेश के उत्पादों को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का मंच बना है। इस साल 90 देशों के 500 से ज्यादा खरीदार इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि 36 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक ट्रेड शो में शामिल हुए हैं। छह देशों की भागीदारी इसके वैश्विक स्वरूप को मजबूत कर रही है। विभिन्न देशों के साथ एमओयू हो चुके हैं और तकनीक व ज्वाइंट वेंचर के क्षेत्र में भी सहयोग की नई संभावनाएं बन रही हैं।


