यूजीसी इक्विटी विनियम 2026 पर CONRWA ने उठाए सवाल, शिक्षा मंत्री को भेजे सुझाव

नई दिल्ली– कन्फेडरेशन ऑफ एनसीआर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (CONRWA) ने यूजीसी इक्विटी विनियम 2026 के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और आरक्षण लाभों के न्यायसंगत क्रियान्वयन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र भेजा है। संगठन ने पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
CONRWA के अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन (अधिवक्ता) और महासचिव अनिल शर्मा की ओर से 27 अक्टूबर को भेजे गए पत्र में उच्च शिक्षा संस्थानों में शिकायतों की निष्पक्ष जांच, सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर देने और झूठी शिकायतों की रोकथाम के लिए प्रभावी प्रावधान बनाने की मांग की गई है।
संगठन का कहना है कि किसी भी छात्र या कर्मचारी को केवल आरोप के आधार पर दोषी नहीं माना जाना चाहिए। शिकायतों की जांच स्वतंत्र और साक्ष्य-आधारित प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। साथ ही, वास्तविक पीड़ितों को समय पर न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
पत्र में आरक्षण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए भी सुझाव दिए गए हैं। CONRWA ने कहा कि जहां कानूनी रूप से लागू हो, वहां क्रीमी लेयर के प्रावधानों का उचित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, आरक्षित वर्गों के भीतर आरक्षण लाभों के न्यायसंगत वितरण की संवैधानिक दायरे में समीक्षा करने का सुझाव दिया गया है, ताकि लाभ जरूरतमंद और वंचित लोगों तक पहुंच सकें।
संगठन ने सभी वर्गों के आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) मेधावी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, शुल्क में छूट और अन्य शैक्षणिक सहायता योजनाओं को मजबूत करने की भी पैरवी की है। इसके साथ ही, यूजीसी विनियमों की भाषा सरल बनाने और उन्हें अंतिम रूप देने से पहले शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा कानूनी विशेषज्ञों से व्यापक परामर्श करने की मांग की गई है।
CONRWA ने स्पष्ट किया कि उसके सुझाव किसी भी वर्ग के अधिकारों या आरक्षण व्यवस्था का विरोध करने के उद्देश्य से नहीं हैं। संगठन के अनुसार, इसका लक्ष्य सामाजिक न्याय को मजबूत करना, उच्च शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करना और सरकारी नीतियों का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
संगठन ने केंद्र सरकार से पत्र में दिए गए सुझावों पर विचार कर उच्च शिक्षा व्यवस्था में निष्पक्षता, पारदर्शिता और समान अवसरों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।




