Noida: 77 करोड़ के बकाया मामले में अंसल टाउनशिप के तीन अधिकारी गिरफ्तार, हाउसकीपिंग और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी को बनाया निदेशक
दादरी तहसील क्षेत्र में अंसल हाईटेक टाउनशिप का प्रोजेक्ट है। यहां फ्लैट खरीदारों ने समय पर कब्जा नहीं मिलने और अन्य समस्याओं को लेकर यूपी रेरा में शिकायत की थी।

अंसल हाईटेक टाउनशिप के खिलाफ जिला प्रशासन ने बकाया वसूली को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कंपनी के तीन और निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले 30 अक्तूबर को कंपनी के एक अन्य निदेशक को भी गिरफ्तार किया गया था। कंपनी पर यूपी रेरा के करीब 250 रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) के तहत 77.66 करोड़ रुपये बकाया हैं। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन ने बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई तेज की है।
दादरी तहसील क्षेत्र में अंसल हाईटेक टाउनशिप का प्रोजेक्ट है। यहां फ्लैट खरीदारों ने समय पर कब्जा नहीं मिलने और अन्य समस्याओं को लेकर यूपी रेरा में शिकायत की थी। शिकायतों पर सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने बिल्डर को खरीदारों की समस्याओं का समाधान करने और बकाया भुगतान करने के आदेश दिए थे। बिल्डर की ओर से आदेशों का पालन नहीं किए जाने पर यूपी रेरा ने रिकवरी सर्टिफिकेट जारी कर दिए। इनकी वसूली की जिम्मेदारी दादरी तहसील की राजस्व टीम को सौंपी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, बकाया जमा करने के लिए कंपनी को कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की। 30 अक्तूबर को कंपनी के निदेशक बंटी निवासी प्राणगढ़ी, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया था। अब तीन अन्य निदेशकों की गिरफ्तारी की गई है।
कर्मचारियों को बना रखा था कंपनी का निदेशक
बुधवार को गिरफ्तार किए गए निदेशकों की पहचान श्रीराम निवासी हरदोई, मोहम्मद अलीम और तस्लीम निवासी खतौली के रूप में हुई है। श्रीराम वर्तमान में गाजियाबाद के कनावनी गांव में रह रहा था, जबकि अलीम और तस्लीम मसूरी क्षेत्र में रहते थे। अलीम और तस्लीम सगे भाई हैं। दोनों हाउसकीपिंग का काम करते हैं, जबकि श्रीराम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। इसके बावजूद तीनों को कंपनी में निदेशक बनाया गया था। खरीदारों का आरोप है कि बिल्डर कंपनियां इस तरह कर्मचारियों को निदेशक बनाकर वास्तविक जिम्मेदार लोगों को जवाबदेही से बचाने का प्रयास करती हैं।
पहले भी कुर्क की जा चुकी है जमीन
अंसल ग्रुप के खिलाफ प्रशासन पहले भी कार्रवाई कर चुका है। वर्ष 2023 में कंपनी के एक निदेशक को गिरफ्तार किया गया था। बकाया वसूली के लिए प्रशासन अब तक करीब 1.66 लाख वर्ग मीटर जमीन भी कुर्क कर चुका है। इसके बावजूद कंपनी पर करोड़ों रुपये की देनदारी बाकी है। अब हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन ने गिरफ्तारी और वसूली की कार्रवाई तेज कर दी है। 250 आरसी के तहत 77.66 करोड़ रुपये की वसूली प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।




