Noida: शाहबेरी में घर किया सील, छपरौला में समतल में बुल्डोजर चलाकर प्राधिकरण ने 24 करोड़ की जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह के निर्देश पर सोमवार को सहारा समतल में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। घरों और प्रॉपर्टी डीलरों के दुकानें ढहा दी र्गइं। सुबह 6.30 बजे से 9.30 बजे तक चली कार्रवाई में करीब तीन एकड़ (लगभग 12 हजार वर्ग मीटर) जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया, जिसकी कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि सहारा समतल एरिया ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में है। यहां किसी को भी प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण करने की छूट नहीं है। अनुमति के बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अभियान चलाकर अवैध निर्माण तोड़ने की हिदायत दी है। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। सोमवार को ग्रेटर नोएडा के छपरौला स्थित सहारा समतल में अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक परियोजना विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार, सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी बादलपुर कोतवाली के एसएचओ व पुलिस-प्राधिकरण की अन्य टीम सुबह 6.30 बजे मौके पर जेसीबी व डंफर के साथ पहुंच गई और लगभग तीन घंटे की कार्रवाई में अवैध रूप से बने कई घरों और प्रॉपर्टी डीलरों के दुकानें ढहा दिया।
इसके अतिरिक्त जमीन कब्जाने के फिराक में बनीं बाउंड्री वॉल को भी तोड़ दिया गया। सोमवार की कार्रवाई में लगभग तीन एकड़ जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त करा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये है। कुछ लोगों ने प्राधिकरण की कार्रवाई का विरोध किया। इसके बावजूद प्राधिकरण ने तोड़-फोड़ की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल एक वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में टीम शाहबेरी पहुंची और एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस की मदद से सीलिंग की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। प्राधिकरण की टीम के साथ चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।



