×
ग्रेटर नोएडा

Noida: दस दिन बाद घर में बजनी थी शहनाई, सिलेंडर फटने से पिता-पुत्र की मौत, तीन झुलसे

धमाका इतना भीषण था कि रसोई की छत क्षतिग्रस्त हो गई और घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जेवर क्षेत्र के गांव दयानतपुर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने के बाद हुए तेज धमाके में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाका इतना भीषण था कि रसोई की छत क्षतिग्रस्त हो गई और घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, गांव दयानतपुर निवासी वीरपाल (55) के घर में सोमवार शाम करीब छह बजे गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद अचानक आग लग गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। उस समय वीरपाल और उनका बेटा अभिषेक (25) रसोई से कुछ दूरी पर बैठे हुए थे। धमाके के साथ फैली आग की चपेट में आकर दोनों बुरी तरह झुलस गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल कस्बे के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में वीरपाल के पोते-पोती समेत तीन अन्य लोग भी झुलस गए। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिलेंडर फटने की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके से आसपास के मकानों में भी तेज कंपन महसूस हुआ। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर में लगी आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल सिलेंडर फटने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।

10 दिन बाद होनी थी बेटी की शादी
वीरपाल की बेटी की शादी आगामी दो दिसंबर को होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। घर में दहेज का सामान जुटाया जा रहा था और पिता-पुत्र रिश्तेदारों व परिचितों को शादी का निमंत्रण देने में व्यस्त थे। घर में 10 दिन बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।

मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए सीएम को लिखा पत्र
दोनों की मौत के बाद गैस सिलेंडर लीकेज से हुई मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलने पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। परिवार में दो छोटे बच्चों के भविष्य और उनकी आजीविका को लेकर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों को खोना कष्टदायक है। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मृतक आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही घायलों के समुचित उपचार एवं परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close