Noida: ग्रेनो में ग्लोबल भक्ति फेस्ट, भारत के कोने-कोने से जुटेंगे धर्मगुरु, 13 अखाड़ों एवं चार धामों के संतों का होगा महासंगम
ग्लोबल भक्ति फेस्ट का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की सभ्यतागत ज्ञान परंपरा से जोड़ना है।

भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से 13 से 15 दिसंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन किया जाएगा। एशिया के प्रथम एवं सबसे बड़े वैश्विक भक्ति महोत्सव के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों सहित देशभर के संत-महात्मा और धर्मगुरु शामिल होंगे। महोत्सव में भक्ति, संगीत, ध्यान और आध्यात्मिक विचारों के साथ लाइव कॉन्सर्ट और भजन क्लबिंग का भी आयोजन होगा।
शनिवार को एक्सपो मार्ट में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आईईएमएल के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि ग्लोबल भक्ति फेस्ट का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की सभ्यतागत ज्ञान परंपरा से जोड़ना है। अध्यात्म को केवल धार्मिक अनुष्ठानों और ग्रंथों तक सीमित न रखकर उसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। महोत्सव के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता ने कहा कि सनातन की विभिन्न विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को एक मंच पर लाकर दुनिया तक शांति का संदेश पहुंचाना इस आयोजन का उद्देश्य है
पचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि इंडिया एक्सपो सेंटर इस आयोजन के दौरान तीर्थस्थल जैसा स्वरूप लेगा। कुंभ में जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को हजारों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, उनके दर्शन ग्रेटर नोएडा में एक ही स्थान पर हो सकेंगे। भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशील जी महाराज ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
महोत्सव का उद्घाटन 13 दिसंबर को शाम पांच बजे केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। वहीं, 14 दिसंबर को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों, प्रतिष्ठित संतों, आध्यात्मिक गुरुओं और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों की भी मौजूदगी रहेगी।
10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांड हिस्सा लेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इसमें 20 हजार से अधिक बी2बी और बी2सी खरीदारों, दो हजार से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधियों और प्रतिदिन 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।
महोत्सव को तीन प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है। जीबीएफ एक्सपो यानी भक्ति बाजार में पूजा सामग्री, धार्मिक ग्रंथ, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, धार्मिक कलाकृतियां और मंदिरों से जुड़ी वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं खरीदारी की सुविधा होगी। जीबीएफ कॉन्फ्लुएंस के तहत संतों, साध्वियों, आध्यात्मिक गुरुओं, विद्वानों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श होगा।
वहीं, जीबीएफ कॉन्सर्ट के तहत भजन क्लबिंग और लाइव संगीत प्रस्तुतियां होंगी। इसमें भजन, कीर्तन, मंत्रोच्चार, शास्त्रीय संगीत, सूफी संगीत, फ्यूजन और आधुनिक भक्ति संगीत का संगम देखने को मिलेगा।
इस दौरान योगी प्रियव्रत अनीमेश, कलाकार फाल्गुनी अग्रवाल, ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया सहित आयोजन से जुड़ी अन्य हस्तियां मौजूद रहीं। सिद्धांत भाटिया ने महोत्सव के मूल विचार ‘ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं’ को साझा करते हुए लोगों से इस आध्यात्मिक अभियान से जुड़ने की अपील की।




