Noida: सोसायटी के हैंडओवर में AOA को मिलेगी सलाह, नोफा ने किया विशेष सत्र आयोजित
उन्हें अधिवक्ता निशा राय का सहयोग मिला। विशेषज्ञों ने बताया कि बिल्डर से सोसायटी का हस्तांतरण केवल मेंटेनेंस की जिम्मेदारी लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कॉमन एरिया, सोसायटी की संपत्तियों, बकाया राशि, वित्तीय स्थिति और वैधानिक अनुपालन की जांच भी जरूरी है।

नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशंस(नोफ़ा) ने बिल्डर से सोसायटी का हस्तांतरण लेकर स्व-प्रबंधन की दिशा में आगे बढ़ रही अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशंस(एओए) की मदद के लिए ‘नोफ़ा हैंडओवर 360°’ विशेषज्ञ मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया। इसमें एओए प्रतिनिधियों को हैंडओवर की कानूनी प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों, वित्तीय देनदारियों और सोसायटी के बेहतर संचालन से जुड़े सत्र का संचालन सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत कान्हा ने किया।
उन्हें अधिवक्ता निशा राय का सहयोग मिला। विशेषज्ञों ने बताया कि बिल्डर से सोसायटी का हस्तांतरण केवल मेंटेनेंस की जिम्मेदारी लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कॉमन एरिया, सोसायटी की संपत्तियों, बकाया राशि, वित्तीय स्थिति और वैधानिक अनुपालन की जांच भी जरूरी है। हैंडओवर के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और भविष्य में प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना भी महत्वपूर्ण है।
नोफ़ा के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि बिल्डर से सोसायटी का हस्तांतरण किसी भी एओए के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। एसोसिएशंस को अपने कानूनी अधिकारों, जिम्मेदारियों और आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि हस्तांतरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो और निवासियों के दीर्घकालिक हित सुरक्षित रहें। नोफ़ा ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों के माध्यम से एओए को लगातार सहयोग देता रहेगा।
महासचिव सुरजीत दासगुप्ता ने कहा कि हैंडओवर में सोसायटी की संपत्तियों, वित्तीय स्थिति, वैधानिक अनुपालन और भविष्य के प्रबंधन की जिम्मेदारी भी शामिल है। ‘हैंडओवर 360°’ का उद्देश्य एओए प्रतिनिधियों को सही जानकारी और विशेषज्ञ सलाह देकर इस बदलाव के लिए तैयार करना है।
सत्र में प्रतिनिधियों ने हैंडओवर के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की और विशेषज्ञों से समाधान संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया। नोफ़ा ने सशक्त एओए, पारदर्शी हस्तांतरण और बेहतर आवासीय समुदाय के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




