Noida: रैपिडो चलाने की आड़ में मोबाइल लूट करने वाला गिरोह पकड़ा, जीरा बेचने और बाल खरीदने वाले तक गैंग में शामिल
यह मोबाइल फोन को अपने अन्य साथियों को बेच देते थे।

सेक्टर-63 कोतवाली पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग, टप्पेबाजी और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 98 मोबाइल फोन, 100 डिस्प्ले, 207 बैटरी, 40 मोबाइल खोखा, मोबाइल फोन के बैक पैनल 103, मोबाइल खोलने के लिए प्रयोग किए जाने वाले 10 पेंचकस, 01 चाकू और चोरी की बाइक बरामद की है।
पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर मोबाइल फोन स्नैचिंग और टप्पेबाजी करने वाले एटा निवासी कुशल पुत्र कनही सिंह, हरदोई निवासी रुपेश उर्फ गोलू पुत्र सुनील कुमार, शहाजहांपुर निवासी निजामुद्दीन पुत्र सहाबुद्दून, आरिफ पुत्र शौकीन, सोनू पुत्र पप्पू, छोट्टे पुत्र जब्बीर, गुलफाम पुत्र शौकीन और हारुन पुत्र बल्ली को गिरफ्तार किया है। फिलहाल यह सभी नोएडा में रह रहे थे। पकड़े गए आरोपियों से चोरी एवं स्नौचिंग के मोबाइल फोन के बारे में पूछताछ की गई। रैपिडो चालक कुशल अपने साथी रूपेश उर्फ गोलू के साथ मिलकर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन लूट लेते थे।
यह मोबाइल फोन को अपने अन्य साथियों को बेच देते थे। निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम, हारुन जीरा बेचने व बाल खरीदने का काम करते थे। वह चोरी व लूट करने वाले लोगों से मोबाइल फोन 1500-2000 रूपये में खरीदते थे। उन मोबाइल फोन के पार्ट्स निकालकर उन्हें एकत्रित कर बेच दिया करते थे, उसके एवज में मिलने वाले पैसों को आपस में बांट लिया करते थे।



