Noida: नोएडा हिंसा के बाद IBA की बड़ी पहल, श्रमिकों और कर्मचारियों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, MoU साइन
इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन(IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने बताया कि यह पहल औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के लिए अहम है।

इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन(आईबीए) ने श्रमिकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की सेहत का ख्याल रखने के लिए IBA ने यथार्थ अस्पताल के साथ MoU साइन किया है। इसके तहत औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों को बेहतर, सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन(IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने बताया कि यह पहल औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के लिए अहम है। उद्यम तभी प्रगति करेगा जब कार्यस्थल पर कार्य करने वाले श्रमिक एवं कर्मचारी स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेंगे। एमओयू के तहत IBA और यथार्थ अस्पताल संयुक्त रूप से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन करेंगे। जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल सके।
दरअसल, जिला प्रशासन की तरफ से एक मई 2026 को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी प्रस्तावित है। जिसमें विभिन्न स्थानों पर, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ श्रमिक एवं लेबर वर्ग निवास करते हैं, व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन भी इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए यथार्थ अस्पताल के साथ मिलकर अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगा।



