Noida: नोएडा में कंपनी लगाने का मौका, इंस्टीट्यूशनल और कर्मिशयल भूखंडों की निकाली स्कीम
मुख्यमंत्री के 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के विजन को आगे बढ़ाते हुए, नोएडा अथॉरिटी ने निवेश का एक बड़ा द्वार खोल दिया है।

नोएडा में निवेश करने की सोच रहे बिजनेसमैनों को शानदार मौका है। नोएडा प्राधिकरण ने शहर के सबसे उभरते और विकसित सेक्टर्स में औद्योगिक, संस्थागत, कमर्शियल बिल्डर प्लॉट्स और होटल प्लॉट्स के आवंटन के लिए एक मेगा योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत प्लॉट्स का आवंटन इंटरव्यू और ई-ऑक्शन के जरिए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए, नोएडा अथॉरिटी ने निवेश का एक बड़ा द्वार खोल दिया है। प्राधिकरण ने औद्योगिक (मैन्युफैक्चरिंग और प्रोसेसिंग यूनिट्स), संस्थागत (कॉर्पोरेट ऑफिस, स्कूल, अस्पताल, नर्सिंग होम), और बड़े कमर्शियल व होटल भूखंडों के आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना को बेहद पारदर्शी बनाने के लिए ई-ऑक्शन और इंटरव्यू का सहारा लिया जा रहा है।
संस्थागत एवं औद्योगिक भूखंड (Industrial Plots)
इसमें सेक्टर 3, 6, 7, 9, 10, 67, 80 और सेक्टर 164 जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में विभिन्न साइज के प्लॉट्स उपलब्ध हैं। इनका आवंटन ई-ऑक्शन के माध्यम से होगा। स्कूलों के लिए सेक्टर 19 और सेक्टर 42 में बड़े भूखंड, जिनका आवंटन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
अस्पताल और नर्सिंग होम के लिए सेक्टर 117, 145 में अस्पताल और सेक्टर 41, 47 में नर्सिंग होम के लिए प्लॉट्स उपलब्ध हैं। वहीं, सेक्टर 153 में कॉर्पोरेट ऑफिस स्पेस के लिए भी ई-ऑक्शन के जरिए प्लॉट्स दिए जाएंगे। बड़े डेवलपर्स के लिए 20,000 वर्ग मीटर से अधिक और कम के कमर्शियल प्लॉट्स (जैसे सेक्टर 18, 94, 96) की योजना है।
इसके साथ ही टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर 71, 124 और 142 में प्रीमियम होटल प्लॉट्स भी ई-ऑक्शन के लिए उपलब्ध हैं। योजना के तहत 19 मई 2026 से 9 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे।




