Noida: जन आक्रोश महिला सम्मेलन के जरिए विपक्ष पर निशाना, नारी दिखाएगी गठबंधन को वोट की ताकत
महिला आयोग अध्यक्ष बबीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सुरक्षित बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।

नोएडा के सेक्टर—116 स्थित भाजपा के जिला कार्यालय जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। पूरा कार्यालय ‘महिलाओं के सम्मान में भाजपा मैदान में’ एवं ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंज उठा। सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष बिमला बॉथम और पूर्व महिला आयोग उपाध्यक्ष सुषमा सिंह मौजूद रही।
महिला आयोग अध्यक्ष बबीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सुरक्षित बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से घर, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, हर घर नल से जल, मुफ्त बिजली कनेक्शन, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं का जीवन स्तर बदला है और उन्हें सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि बेटियां पढ़ती हैं तो पीढ़ियां पढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि बेटी दो घरों का चिराग होती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक सहित विपक्षी दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर महिलाओं को मुख्यधारा से दूर रखने की अपनी मंशा को उजागर किया है। भाजपा पिछले दो दशकों से महिला आरक्षण के लिए प्रयासरत रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की बेटियों ने अपने अद्वितीय रण कौशल से दुश्मन के दांत खट्टे कर पूरे विश्व को भारत की बेटियों की शक्ति से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि आज भारत की नारी अपने अधिकारों को समझती है और अपने वोट की ताकत से विपक्ष को जवाब देगी।



