Noida: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले-भारतीय उत्पादों की विश्व में मांग, सिंगल विंडो सिस्टम के लिए जल्द कानून लाने की तैयारी
फायदा यह होगा कि उद्यमियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। साथ ही सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत उद्योगों के सामने आने वाली व्यावहारिक परेशानियों को कम करने पर काम कर रही है।

यूपी इंटरनेशनल शो में पहुंचे श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यूपी में उद्योग लगाने और उनके संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए सरकार सिंगल विंडो सिस्टम को ओर ज्यादा आसान बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सरकार जल्द कानून लाने की तैयारी में है।
फायदा यह होगा कि उद्यमियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। साथ ही सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत उद्योगों के सामने आने वाली व्यावहारिक परेशानियों को कम करने पर काम कर रही है। सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत उद्योगों से जुड़ी मंजूरियों और अन्य प्रक्रियाओं को एक ही व्यवस्था के माध्यम से पूरा करने पर जोर रहेगा। मंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों के कल्याण और उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आजादी से वर्ष 2017 तक प्रदेश में जितने कारखाने पंजीकृत हुए थे, उनकी तुलना में 2017 के बाद अब तक दोगुने से अधिक कारखानों का पंजीकरण हो चुका है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय उत्पादों की विश्व में मांग बढ़ रही है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल करना बाकी है। विदेशी कंपनियों के भारत में उत्पाद बनाने का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर स्थिति खराब थी, जबकि वर्तमान सरकार में सुशासन और औद्योगिक विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।



