×
उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्टराजनीतिराज्य

पटना में दिनदहाड़े अस्पताल में फायरिंग: पैरोल पर छूटे चंदन मिश्रा को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

नोएडा: राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित राजाबाजार इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अपराधी दिनदहाड़े पारस अस्पताल में घुस आए और एक मरीज को गोलियों से छलनी कर दिया। यह गंभीर घटना अस्पताल परिसर के भीतर हुई, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, घायल मरीज की पहचान बक्सर निवासी चंदन कुमार उर्फ चंदन मिश्रा के रूप में हुई है, जिसे तीन से चार गोलियां मारी गई हैं। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।

चंदन मिश्रा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह पहले भी गोलीबारी के एक मामले में बेउर जेल में बंद था। हाल ही में तबीयत बिगड़ने के कारण उसे पैरोल पर जेल से रिहा किया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर और राजीव नगर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरे अस्पताल को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पटना में एक निजी अस्पताल के भीतर गोलीबारी की घटना हो चुकी है, जिसमें एक अस्पताल संचालिका की हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावर चंदन मिश्रा को टारगेट करने अस्पताल तक कैसे पहुंचे, और क्या इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति की मिलीभगत थी।

 

Divya Gupta

Tags

Related Articles

Back to top button
Close