आज़म ख़ान के बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने के संकेत, सियासी हलकों में हलचल

नोएडा : बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के दिल्ली स्थित मुख्यालय में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान की पत्नी, तज़ीन फातिमा की बीएसपी प्रमुख मायावती जी से एक विशेष मुलाक़ात की खबर है…इस मुलाक़ात ने राजनीतिक गलियारों में आज़म ख़ान के सपा छोड़कर बीएसपी में शामिल होने की अटकलों को और मज़बूती दे दी है।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक लगभग 45 मिनट तक चली और इसे पूरी तरह गोपनीय रखा गया। हालांकि, बीएसपी कार्यालय से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन विश्वस्त सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
सपा से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं आज़म ख़ान
समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता रहे आज़म ख़ान पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज़ बताए जा रहे हैं। जेल से रिहाई की सम्भावनाओं के बीच सपा नेतृत्व द्वारा उनकी उपेक्षा के आरोप कई बार अंदरखाने लगते रहे हैं। कई वरिष्ठ नेताओं ने भी नाम न जाहिर करने की शर्त पर माना है कि आज़म ख़ान जैसे जमीनी नेता की अनदेखी पार्टी के भीतर असंतोष को जन्म दे रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज़म ख़ान यदि बीएसपी में शामिल होते हैं तो यह उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकता है, खासकर मुस्लिम मतदाताओं के दृष्टिकोण से।
बीएसपी के लिए रणनीतिक बढ़त
अगर आज़म ख़ान जैसे वरिष्ठ नेता बीएसपी में आते हैं, तो इससे पार्टी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं के बीच एक नई पकड़ मिल सकती है। तज़ीन फातिमा स्वयं भी राजनीति में सक्रिय रही हैं और रामपुर क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखती हैं।
मायावती जी की चुप्पी—रणनीति या संकेत?
मायावती जी की ओर से इस मुलाक़ात पर कोई बयान नहीं दिया गया है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे एक “रणनीतिक चुप्पी” मान रहे हैं। बीएसपी की राजनीति में अचानक बदलाव और बड़े चेहरों को जोड़ने की यह शुरुआत हो सकती है।




