एटीएम पर टेप लगाकर ऐसे उड़ाते थे पैसे, नोएडा पुलिस ने चार शातिर ठगों को दबोचा

नोएडा: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का शानदार उदाहरण पेश किया है। थाना फेस-3 पुलिस ने एटीएम पर टेप लगाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 67 एटीएम कार्ड, 4 अवैध चाकू, 15 कपड़े, 3 बिल, 1 पैन कार्ड, एक मोबाइल फोन और ₹2840 नकद बरामद किए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार, धर्मेंद्र, नवलेश सिंह और गोपाल के रूप में हुई है, जो सभी मूल रूप से बिहार के गया और नवादा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी नोएडा में ग्राम नया गाँव (थाना फेस-2 क्षेत्र) में किराए पर रहकर एटीएम ठगी के इस गिरोह को चला रहे थे।
गिरोह का अपराध करने का तरीका बेहद चालाकी भरा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गैंग एटीएम मशीनों पर टेप लगाकर पैसे निकालने में बाधा उत्पन्न करते थे। जब कोई ग्राहक एटीएम से पैसा निकालने आता, तो ये गिरोह के सदस्य उसके साथ एटीएम के अंदर प्रवेश कर जाते।
इस दौरान एक सदस्य ग्राहक का पिन चोरी-छुपे देख लेता, जबकि दूसरा बाहर गेट पर खड़ा होकर किसी और को अंदर नहीं जाने देता।
जब टेप के कारण पैसे मशीन से नहीं निकलते, तो ये लोग “मदद करने का बहाना” बनाकर ग्राहक का कार्ड बदल देते। ग्राहक के चले जाने के बाद वे टेप हटाकर उसी कार्ड से पैसे निकाल लेते और कार्ड की लिमिट खत्म होने तक खरीदारी भी करते।
बरामदगी में पुलिस को मिला ठोस सबूत
थाना फेस-3 पुलिस द्वारा जब आरोपियों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 67 एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, ₹2840 नकद, 15 कपड़े (जो चोरी के पैसों से खरीदे गए थे) और चार अवैध चाकू बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, बरामद पैन कार्ड और एटीएम कार्ड में से एक कार्ड से जुड़ा मामला पहले से ही थाना फेस-3 पर मु.अ.सं. 444/2025 में दर्ज है, जिसमें ये सभी आरोपी वांछित चल रहे थे। इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।




