Cyclone Montha: चक्रवात मोंथा की वजह से देशभर के लिए 52 उड़ानें और 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द, तीन राज्यों में अलर्ट
आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चक्रवात मोंथा की वजह से बुधवार को राज्य के कई ज़िलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

ओडिशा में आए चक्रवात मोंथा का लैंडफॉल शुरू हो चुका है। तूफान के दौरान संचार व्यवस्था को चालू रखने के लिए 81 वायरलेस टावर और 21 बड़े लैंप स्थापित किए गए हैं। 321 ड्रोन और गिरे हुए पेड़ों को हटाने और कनेक्टिविटी बहाल करने में मदद के लिए 1,040 चेनसॉ तैनात किए हैं। अधिकारियों ने तटीय और निचले इलाकों के निवासियों से मौसम में सुधार होने तक घर के अंदर रहने की हिदायत दी है। साथ ही यात्रा से परहेज करने की भी सलाह दी गई है।
वहीं, आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चक्रवात मोंथा की वजह से बुधवार को राज्य के कई ज़िलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अल्लूरी, विशाखापत्तनम, अनाकापल्ली, एलुरु, कृष्णा, एनटीआर, गुंटूर आदि में भारी बारिश आ सकती है। इसके अलावा चक्रवात मोंथा की वजह से 123 अग्निशमन दल तैनात किए गए हैं।
ओडिशा के गोपालपुर में राज्य के मुख्य अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र माझी ने बताया कि टीमें तूफान से प्रभावित सड़कों को साफ कर रही हैं। उधर, मोंथा के चलते 52 उड़ानें रद्द कर दी गई है। साथ ही 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द किए जाने की भी सूचना है। उधर तमिलनाडु, बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के बीच लोगों को समुद्र के करीब न जाने की सलाह दी गई है।
चक्रवात मोंथा के चलते आए बदलाव के कारण ओडिशा के खोरधा में चिल्का झील में उफान शुरू हो गया है। बालूगांव एनएसी के कार्यकारी अधिकारी प्राणनाथ सेठ ने बताया कि हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं और हमारा लक्ष्य शून्य हताहत होना है। प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आंध्र प्रदेश के तट से टकरा गया है।




