Greater Noida: जेवर में तेज रफ्तार कार ने मारी बुलेट में टक्कर, बैंक के सहायक प्रबंधक और कैशियर की दर्दनाक मौत
नोएडा के सेक्टर 12 निवासी हिमांशु अग्निहोत्री (31) और हरियाणा के सोनीपत निवासी 26 वर्षीय गौरव छाबड़ा जेवर के थोरा गांव स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में तैनात थे। दोनों जेवर में किराए पर रहते थे।

जेवर कोतवाली क्षेत्र के खुर्जा रोड पर नीमका खाजपुर पुल के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दो बैंक कर्मियों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
नोएडा के सेक्टर 12 निवासी हिमांशु अग्निहोत्री (31) और हरियाणा के सोनीपत निवासी 26 वर्षीय गौरव छाबड़ा जेवर के थोरा गांव स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में तैनात थे। दोनों जेवर में किराए पर रहते थे। वह जेवर से बैंक में डयूटी के लिए जा रहे थे। हिमांशु बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे, जबकि गौरव कैशियर। वह बाइक पर सवार होकर जेवर के नीमका खाजपुर गांव के पुल के पास पहुंचे। तभी एक कार ने पीछे से उनकी बुलेट बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हिमांशु अग्निहोत्री और गौरव छाबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिनको पुलिस ने कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हिमांशु अग्निहोत्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उपचार के दौरान गौरव की भी मौत हो गई। आरोपी कार चालक विशाल को हिरासत में ले लिया और पीड़ित परिवार की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।




