ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क लो राइज एओए की सख्ती: पालतू कुत्ते की गंदगी पर 1000 रुपये जुर्माना

ग्रेटर नोएडा वेस्ट – आम्रपाली सेंचुरियन पार्क की लो राइज एओए (AOA) ने सोसायटी परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर दी है। हाल ही में आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) में यह फैसला लिया गया कि यदि कोई पालतू कुत्ता कॉमन एरिया में गंदगी करता है तो उसके मालिक पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही गंदगी को तुरंत साफ करना अनिवार्य होगा।
एओए अध्यक्ष राजीव कुमार और लीगल एडवाइजर अमित गुप्ता के अनुसार, लो राइज क्षेत्र में करीब 600 परिवार निवास करते हैं। बड़ी आबादी को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। फिलहाल सोसायटी के कॉमन एरिया और पैसेज में 190 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 300 की जाएगी। एओए का कहना है कि हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी ताकि नियमों का उल्लंघन न हो।
सोसायटी प्रबंधन का स्पष्ट संदेश है कि स्वच्छता और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा, और नियम सभी निवासियों पर समान रूप से लागू होंगे।




