Noida: उद्घाटन कार्यक्रम में काले कपड़े और डिजिटल वॉच बैन, सपा नेता हाउस अरेस्ट, कांग्रेस का पीएम और सीएम से मिलने का प्लान
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री महीने में कई बार गौतमबुद्ध नगर का दौरा करते हैं, लेकिन वह कभी भी किसानों से मिलने की जहमत तक नहीं उठाते है।

कांग्रेस नेता दीपक भाटी चोटीवाला ने शुक्रवार को भाजपा पर जमकर हल्ला बोलते हुए कहा कि केंद्र की मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर मोर्चो पर विफल रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के असली सृजक स्थानीय किसानों को उजाड़कर विकास के असफल दावे किए जा रहे है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री महीने में कई बार गौतमबुद्ध नगर का दौरा करते हैं, लेकिन वह कभी भी किसानों से मिलने की जहमत तक नहीं उठाते है। आंदोलन करने वाले किसानों एवं कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाकर दबाव बनाने और डराने का प्रयास किया जाता है, जबकि किसानों का शोषण करने वाले अधिकारियों को खुला संरक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही घरों नज़रबंद कर दिया जाता है। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए आ रहे दोनों नेताओं से कल जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मिलकर किसानों के साथ न्याय की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों और निवासियों की भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने 10 प्रतिशत भूखंड के मामलों को वर्षों से लंबित रखा गया है। किसान आबादी निस्तारण के मामले वर्ष 2017 से जस के तस पड़े हुए हैं। जेवर एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसानों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण में मनमानी नीतियां एवं भ्रष्टाचार चरम पर है। गांवों में आज भी सीवर, सड़क एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
वहीं, शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए जेवर आ रहे है। वह दूसरी बार जेवर पहुंचेंगे। पहली बार रनवे पर उनका विमान उतरेगा। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत अन्य दिग्गज मौजूद रहेंगे। भापाइयों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान काला कपड़े और डिजिटल वॉच पहनकर आने पर रोक है। प्रशासन किसी को भी कार्यक्रम स्थल तक नहीं जाने देगा। गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादूर भारद्वाज ने शुक्रवार को बैठक कर कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स से कहा कि कोई भी व्यक्ति काले कपड़े पहनकर नहीं आए। प्रशासन उन्हें वापस लौटा देगा। साथ ही कोई डिजिटल वॉच आदि नहीं लेकर जानी है। सभी बसें सुबह 9.30 बजे तक जनसभा स्थल तक पहुंच जानी चाहिए।
सपा ने बताया कि डरी सरकार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर को हाउस अरेस्ट करने का मामला सामने आया है। यह जानकारी खुद जिलाध्यक्ष ने वीडियो जारी कर दी। जिसमें कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पर बैठे हुए है। मोहित ने बताया कि पुलिस अधिक डर रही है। घर पुलिस भेज कर हाउस अरेस्ट किया गया है। यह लोकतंत्र का हनन है। जबकि वह 29 मार्च को दादरी के मिहिर भोज कॉलेज में होने वाली अखिलेश यादव की रैली की तैयारियों में जुटे है।




