Noida: यूपी से लेकर हरियाणा तक 25 हजार के इनामी का आंतक, फिर पुलिस के ऐसे चढ़ा हत्थे
हरियाणा से यूपी तक आतंक मचाने वाला 25 हजार का इनामी गौ तस्कर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के एक इनामी गोतस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ यूपी और हरियाणा के विभिन्न थानों में गौवध और पशु क्रूरता के 13 मुकदमे दर्ज है। उसके खिलाफ हरियाणा में 9 और रबूपुरा कोतवाली में तीन मुकदमे दर्ज है। पुलिस अभी उसका अन्य अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
पुलिस की गिरफ्त में आए गोतस्कर संजू को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कार्गो टी-पॉइंट के पास गिरफ्तार किया है। एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने बताया कि रबूपुरा पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी एक बिना नंबर की बाइक पर सवार व्यक्ति को रोकने का इशारा किया गया। रुकने के बजाय आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने जब आरोपी का पीछा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पकडा गया गौ तस्कर संजू पलवल, हरियाणा का निवासी है। जांच में सामने आया है कि संजू एक शातिर अपराधी है, जिस पर नोएडा के रबूपुरा और हरियाणा के फरीदाबाद समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। वह रबूपुरा में दर्ज तीन अलग-अलग मुकदमों में वांछित चल रहा था। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस, बिना नम्बर की प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।



