Noida: यूपी के CM ने दी श्रमिकों को बड़ी सौगात, ग्रेनो में ESI के लिए जमीन का आंवटन, जेवर में मजदूरों के बच्चों के लिए स्कूल
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। प्रदेश सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर शुक्रवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का शुभारंभ किया। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं व प्रधानाचार्या को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ में गौतमबुद्ध नगर के भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रुपम व अन्य मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रमिक भी मौजूद रहे। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों के कल्याण के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 300 बैड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए सात एकड़ भूमि का आवंटन पत्र प्रदान किया।अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल तीन साल में बनकर तैयार होगा। इसके निर्माण पर 550 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जेवर के मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय एवं औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी एवं एंबुलेंस रूम का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त 04 एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर एवं 43 क्रेचों (शिशु कक्ष) का लोकार्पण किया गया। पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। प्रदेश सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।
जेवर में बनने वाला मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय अटल आवासीय विद्यालय की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यह पूरी तरह से श्रमिकों के बच्चों के लिए समर्पित होगा। इसकी क्षमता 1000 बच्चों की होगी। अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के बच्चे पढ़ेंगे।कामकाजी महिलाओं और श्रमिकों के लिए औद्योगिक सेक्टरों में हॉस्टल बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। कामकाजी महिलाओं के लिए पहले चरण में तीन हॉस्टल बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए सेक्टर इकोटेक-2 और इकोटेक-1 में जगह चिन्हित कर ली गई है। वहीं चार अन्य औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3, 6, 12 और इकोटेक-1 एक्सटेंशन में जगह चिन्हित की गई है। प्रत्येक हॉस्टल में 100-100 श्रमिक रह सकेंगे। यही नहीं सस्ती दर पर खाने-पीने की व्यवस्था भी की जाएगी।



