Noida: ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटी और मॉल में प्रदर्शन, बिल्डर पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में 2200 परिवारों को पेयजल आपूर्ति संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स, आयरिश पर्ल्स और सुपरटेक सीजार सोसाइटी में रविवार को मेंटिनेंस चार्ज में बढ़ोत्तरी और खराब रखरखाव का विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बिल्डर प्रबंधन से निवासियों ने जल्द से जल्द मूलभुत सुविधाएं दिलाने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन करने का ऐलान भी निवासियों ने किया है।
आयरिश पल्र्स सोसाइटी निवासी ने बताया कि वह खराब मेंटिनेंस सेवाओं, तकनीकी स्टाफ की कमी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से परेशान हैं। लोगों के बढ़ते विरोध के बीच बिल्डर प्रबंधन की तरफ से सुबोध ने लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए आए और सभी बात सुनी। साथ ही प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि मेंटिनेंस टीम में तकनीकी स्टाफ की भर्ती की जाएगी। सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में 2200 परिवारों को पेयजल आपूर्ति संकट का सामना करना पड़ रहा है। रविवार सुबह से सोसाइटी में पेयजल आपूर्ति बाधित है, वहीं कई घरों में गंदे पानी की सप्लाई भी हुई। लोगों का आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन की लापरवाही और रखरखाव की कमी के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। शिकायत के बाद बिल्डर प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी कर बताया गया कि प्राधिकरण की पाइलाइन टूटने के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों ने घरों में बचा हुआ पानी इस्तेमाल कर काम चलाया, जबकि कुछ लोगों को बाजार से पानी की बोतलें खरीदनी पड़ीं।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति गोलचक्कर स्थित उफेरिया मॉल में रविवार को बायर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में दुकानदारों व लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि अवैध वसूली, खराब मेंटिनेंस व्यवस्था, पानी-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मॉल में पर्याप्त साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इससे महिलाओं, परिवारों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। दुकानदारों ने मांग की है कि मॉल में व्याप्त समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए, अवैध वसूली पर रोक लगाई जाए व सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। साथ ही मॉल परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग भी की गई।




