Noida: स्कूटी पर सवार होकर सिरफिरा महिलाओं पर करता था कैंची से हमला, सीरियल अटैकर गिरफ्तार
लिस की गिरफ्त में खड़ा आरोपी अंकित वर्मा नोएडा की एक निजी कंपनी में बीते छह साल से एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। वह मूलरुप से बिहार का रहने वाला है।

सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाने वाले एक सिरफिरे ‘सिजर अटैकर’ को गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी सुनसान सड़कों पर स्कूटी से जाता था और राह चलती महिलाओं पर पीछे से कैंची से हमला कर फरार हो जाता था। पुलिस ने सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से शातिर अपराधी को दबोच लिया है।
पुलिस की गिरफ्त में खड़ा आरोपी अंकित वर्मा नोएडा की एक निजी कंपनी में बीते छह साल से एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। वह मूलरुप से बिहार का रहने वाला है। फिलहाल वह खोड़ा कॉलोनी के प्रगति विहार में रह रहा है। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि अंकित वर्मा एक सनकी किस्म का इंसान है, जो सुनसान रास्तों पर आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों को देखकर अपनी स्कूटी से उनके पास पहुंचता था और पीछे से कैंची मार कर भाग जाता था।
लगातार पुलिस को उसकी के खिलाफ शिकायत मिल रही थी। दो महिलाओं ने पुलिस को एक खौफनाक आपबीती सुनाई। महिलाओं के मुताबिक, जब वे सेक्टर-55 रोड से अपने घर लौट रही थीं, तभी पीछे से एक स्कूटी सवार आया और उनकी कमर के नीचे कैंची से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। सूचना मिलते ही सेक्टर-58 पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़ित महिलाओं का मेडिकल कराया और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दीं।
पुलिस ने टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरु कर दी। पुलिस ने सेक्टर-55 के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अंकित वर्मा के पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और वो कैंची भी बरामद की है।




