Noida: CAM चार्ज के विरोध में सुपरटेक इको विलेज सोसाइटी निवासियों का फूटा गुस्सा, प्रदर्शन के दौरान लगाए गंभीर आरोप
निवासियों ने बताया कि सोसइटी में पांच हजार से अधिक परिवार रहते है। उनके मेंटेनेंस चार्ज के रुप में मोटी रकम वसूली जाती है। लेकिन सुविधाओं का अभाव है।

बिना सहमति के 89 पैसे प्रति वर्ग फुट कॉमन एरिया मेंटेनेंस चार्ज बढ़ोत्तरी के विरोध में ग्रेनो वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज—1 सोसाइटी निवासियों का गुस्सा फूटा पड़ा। विरोध में निवासियों ने मेंटेनेंस और वीजी फैसिलिटी एजेंसी के कार्यालय पर जमकर हंगामा कर धरना दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।
निवासियों ने बताया कि सोसइटी में पांच हजार से अधिक परिवार रहते है। उनके मेंटेनेंस चार्ज के रुप में मोटी रकम वसूली जाती है। लेकिन सुविधाओं का अभाव है। 2025 में आईआरपी हितेश गोयल एवं बिल्डर द्वारा ग्रेविटी एजेंसी को हटाकर वाईजी फैसिलिटी एजेंसी को नियुक्त किया गया था। जिसने 2.36 प्रति वर्ग फुट की दर से मेंटेनेंस सेवा देने का लिखित आश्वासन दिया था। आरोप है कि आठ महीने बाद ही बिना निवासियों की सहमति के मेंटेनेंस चार्ज में बढ़ोत्तरी कर दी गई।
जिसके लिए निवासियों से भी सहमति नहीं ली गई है। यह गैरजिम्मेदाराना रवैया है। बिजली, सुरक्षा, पार्किंग, क्लब, कूड़ा निस्तारण और लिफ्ट जैसी मूलभूत सुविधा बदहाल है। अधूरी सुविधाओं के बीच बढ़ाया जा रहा है। अतिरिक्त जिम, इवेंट, गेस्ट रूम चार्ज, कॉमन एरिया में कियोस्क चार्ज, बिजली भार से संबंधित अतिरिक्त शुल्क, वेलकम चार्ज तथा अन्य विभिन्न स्रोतों से भी धनराशि वसूली जा रही है।
इस विरोध में निवासियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। साथ ही मेंटिनेंस कंपनी के कार्यालय का घेराव किया है, बढ़ते विवाद को देखते हुए मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची है।



